- यूपी के सहारनपुर से रेलवे लाइन पर स्टोन पैचिंग का काम करने आया था मृतक राजगढ़(ईएमएस)l जिले के खिलचीपुर क्षेत्र के जालमपुरा गांव के पास किराए के कमरे में बेसुध मिले व्यक्ति की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी ऋषिपाल काश्यप (45) के रूप में हुई है। शुक्रवार को राजगढ़ जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को जालमपुरा में मकान मालिक पुष्पेंद्र सौंधिया ने अपने किरायेदार को कमरे में बेसुध हालत में पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर खिलचीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान की गई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। शुक्रवार को मृतक का परिवार उत्तर प्रदेश से राजगढ़ जिला अस्पताल पहुंचा। मृतक के बेटे रोबिन काश्यप ने बताया कि उनके पिता ऋषिपाल काश्यप स्टोन पैचिंग का काम करते थे। करीब 15 दिन पहले वे एक ठेकेदार के माध्यम से रेलवे लाइन पर काम करने के लिए यहां आए थे और जालमपुरा में किराए के कमरे में रह रहे थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में खिलचीपुर पुलिस जांच कर रही है। -निखिल/राजगढ़/27/3/2026