- एआईएमआईएम ने किया जमकर विरोध, पुलिस से हुई बहस - हंगामे के बाद काम रोका गया भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल की ऐतिहासिक ईदगाह मस्जिद की पार्किंग में मोबाइल टावर निर्माण को लेकर जोरदार हंगामा हो गया। इसकी जानकारी लगते ही ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान और पार्टी कार्यकर्ताओं तुरंत मौके पर जा पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध करते हुए वहां काम कर रही लेबर को रोक दिया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि यह जानकारी सामने आई की यहॉ जारी निर्माण कार्य सभी आवश्यक अनुमति के साथ किया जा रहा था, जिसकी मंजूरी मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड ने भी दी है। लेकिन एआईएमआईएम ने इस आदेश का भी विरोध करते हुए मौके पर ही धरना प्रदर्शन किया जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर पहुचें पुलिस अफसरो ने पार्टी कार्यकर्ताओं को समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान और कार्यकर्ताओं की पुलिस अधिकारियों से तीखी बहस हो गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने तुरंत ही काम रोकने की मांग की और बात नहीं मानने पर धरना देने की चेतावनी दी। काफी देर चले हंगामे के बाद निर्माण कार्य को फिलहाल रोक दिया गया जिसके बाद मामला शांत हो सका। - भाजपा सरकार की मंशा सामने आई-मोहसिन विवाद शांत होने के बाद मीडियो से चर्चा करते हुए मोहसिन अली खान ने कहा कि वक्फ संपत्तियों की हिफाजत करना उनका फर्ज है। उन्होंने आरोप लगाया कि वक्फ बोर्ड द्वारा टेंडर जारी कर एयरटेल को टावर लगाने की अनुमति दी गई है, जिसका विरोध किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि वक्फ की जमीन का एक इंच भी किसी को नहीं लेने दिया जाएगा और इसके लिए कानूनी लड़ाई भी लड़ी जाएगी। उन्होने साफ तौर पर कहा की आज के दौर में जहॉ किसी खास मौके पर नमाजियो के सड़कों पर थोड़ी देर की नमाज पढ़ने पर सरकार उस पर रोक लगाने लगाने के साथ ही सख्त कदम उठाने की बात करती है। और वही इबादत गाहो के वक्फ की गई जमीन पर बलपूर्वक अतिक्रमण कराया जा रहा है। उन्होंने इस काम की अनुमति दिए जाने को लेकर वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनव्वर पटेल पर भी निशान साधते हुए कहा कि मौजूदा दौर में पूंजीपतियों के साथ मिलकर वक्फ संपत्तियों पर अतिक्रमण किया जा रहा है, जो बिल्कुल भी जायज नहीं है। यह हमारी अमानत है और इसकी हिफाज़त के लिए हर कीमत चुकानी पड़े तो भी पीछे नहीं हटेंगे। - जॉच के बाद होगी कार्यवाही पूरे मामले को लेकर पुलिस अधिकारियो का कहना है कि शहर में बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन प्रतिबंधित है। जॉच में यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबधित लोगो के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जुनेद / 27 मार्च