नई दिल्ली,(ईएमएस)। एयर इंडिया और उसकी सहायक कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस ने शुक्रवार के लिए अद्यतन अंतरराष्ट्रीय उड़ान कार्यक्रम जारी किया है, जिसमें भारत और पश्चिम एशिया के प्रमुख गंतव्यों के बीच संचालित होने वाली 22 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानों की पुष्टि की है। एयरलाइनों ने बताया कि संशोधित योजना क्षेत्र में वर्तमान यात्रा पैटर्न और परिचालन आवश्यकताओं को दर्शाती है। मीडिया रिपोर्ट में बयान के मुताबकि एयर इंडिया जेद्दा से आने-जाने वाली चार निर्धारित उड़ानें संचालित करेगी, जिनमें दिल्ली और मुंबई से दो-दो उड़ानें शामिल हैं। मुंबई-रियाद मार्ग पर दो और निर्धारित उड़ानें संचालित होंगी। बयान में कहा गया है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट और रियाद से आने-जाने वाली चार-चार उड़ानों के साथ इन मार्गों को और मजबूत करेगी। मस्कट की उड़ानें दिल्ली और मुंबई से संचालित होंगी, जबकि रियाद की उड़ानें बेंगलुरु और कोझिकोड से शुरू होंगी। रिपोर्ट के मुताबिक दोनों एयरलाइनें हवाईअड्डों पर उपलब्ध स्लॉट और मौजूदा जमीनी परिस्थितियों के आधार पर संयुक्त अरब अमीरात से आने-जाने वाली आठ अनियमित उड़ानें भी संचालित करेंगी। इन अतिरिक्त उड़ानों का उद्देश्य यात्रियों की भारी मांग को प्रबंधित करना और उनके लिए अधिक क्षमता सुनिश्चित करना है। प्रेस नोट में उस दिन की निर्धारित, अनियमित और अस्थायी रूप से निलंबित सेवाओं की पूरी सूची दी गई है। जेद्दा, रियाद और मस्कट जैसे मार्गों पर नियमित उड़ानें जारी रहेंगी, जबकि दुबई और अबू धाबी समेत यूएई के कुछ एयरपोर्ट पर केवल अनियमित उड़ानें ही चलेंगी। यात्रियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए एयर इंडिया ने कहा कि जिन यात्रियों ने उन मार्गों पर यात्रा के लिए बुकिंग की है जहां एयर इंडिया समूह की निर्धारित सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित हैं, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के भविष्य की तिथि के लिए आसानी से पुनर्बुक कर सकते हैं या पूर्ण धनवापसी का विकल्प चुन सकते हैं। यात्री वेबसाइट या 24 घंटे सातों दिन ग्राहक सेवा टीम के माध्यम से बदलाव कर सकते हैं। यूएई हवाई अड्डों से बुकिंग कराने वाले एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्रियों को भी लचीली पुनर्बुकिंग के विकल्प मिलेंगे। एयरलाइन ने कहा कि वह आवश्यक संपर्क बनाए रखने और यात्रियों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पश्चिम एशिया में और अधिक तदर्थ उड़ानों की संभावना तलाश रही है। सिराज/ईएमएस 27मार्च26