राष्ट्रीय
27-Mar-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के स्वास्थ्य को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। नई दिल्ली स्थित अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत में तेजी से सुधार हो रहा है और उन्हें एक-दो दिनों में छुट्टी मिल सकती है। 79 वर्षीय सोनिया गांधी को 24 मार्च की देर रात बुखार और संक्रमण की शिकायत के चलते भर्ती कराया गया था। अस्पताल के अध्यक्ष डॉ.अजय स्वरूप ने बताया कि सोनिया गांधी की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि अब वे सहज महसूस कर रही हैं, चल-फिर पा रही हैं और सामान्य रूप से भोजन भी कर रही हैं। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें एक गंभीर संक्रमण के इलाज के लिए एंटीबायोटिक दवाएं दी जा रही हैं, जिनका सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। इसके पहले अस्पताल प्रशासन ने बताया था कि सोनिया गांधी का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की निगरानी में चल रहा है, जिसमें डॉ.डी.एस. राणा, डॉ. एस. नंदी और डॉ. अरूप बसु शामिल हैं। उनकी स्थिति अब स्थिर है और रिकवरी अच्छी तरह से हो रही है। यह भी उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी को पहले भी स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। पिछले वर्ष जून में उन्हें पेट संबंधी समस्याओं के कारण इलाज कराना पड़ा था। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित अस्पताल में भी उन्हें भर्ती किया गया था। इसी बीच, कर्नाटक के सीएम सहित कई नेताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वे जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौटेंगी। आशीष दुबे / 27 मार्च 2026