राष्ट्रीय
27-Mar-2026
...


-भारतीय वायुसेना ने इसके लिए जारी किया है नोटम जोधपुर,(ईएमएस)। राजस्थान के जोधपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। यहां 29 मार्च से 28 अप्रैल तक एक महीने के लिए सभी कॉमर्शियल उड़ानों का संचालन बंद रहेगा। इस दौरान रोजाना संचालित होने वाली करीब 14 घरेलू उड़ानें रद्द रहेंगी, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जानकारी के अनुसार, 29 मार्च से पहले शनिवार को दोपहर 1:40 बजे मुंबई के लिए अंतिम फ्लाइट रवाना होगी। इसके बाद एयरपोर्ट पर न केवल व्यावसायिक विमानों, बल्कि फाइटर जेट्स का संचालन भी अस्थायी रूप से रोक दिया जाएगा। एयरपोर्ट बंद होने का मुख्य कारण रनवे की मरम्मत और तकनीकी उन्नयन कार्य है। भारतीय वायुसेना ने इसके लिए नोटम (नोटिस टू एयरमैन) जारी किया है। नोटम के अनुसार, 29 मार्च की शाम 6:30 बजे से 27 अप्रैल की शाम 6:30 बजे तक एयरपोर्ट पूरी तरह बंद रहेगा। इस अवधि में किसी भी सिविल फ्लाइट का संचालन नहीं होगा। इस फैसले का सीधा असर कई प्रमुख शहरों की हवाई कनेक्टिविटी पर पड़ेगा। जोधपुर से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, पुणे, बेंगलुरु और अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ानें प्रभावित होंगी। नियमित यात्रियों और पर्यटकों को इससे खासा झटका लगेगा। वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर यात्रियों को अब पास के एयरपोर्ट्स का सहारा लेना होगा। इसके लिए जयपुर, किशनगढ़, उदयपुर और अहमदाबाद से यात्रा करनी पड़ेगी। हिदायत/ईएमएस 27मार्च26