रनवे-28 पर फुल इमरजेंसी लागू, इंजन में तकनीकी खराबी के चलते पायलट ने लिया एहतियाती फैसला नई दिल्ली,(ईएमएस)। राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब इंडिगो की विशाखापट्टनम से आ रही एक उड़ान को आपातकालीन स्थिति में उतारना पड़ा। विमान में संभावित इंजन खराबी की आशंका के चलते पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान ने सुबह विशाखापट्टनम से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान सामान्य रूप से जारी थी, लेकिन दिल्ली पहुंचने से कुछ समय पहले पायलट को इंजन में तकनीकी खराबी का संकेत मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचित किया गया और इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए रनवे नंबर-28 को पूरी तरह खाली करा लिया। साथ ही दमकल की गाड़ियां, एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को रनवे के पास तैनात कर दिया गया। इसी के साथ पूरे क्षेत्र में ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई थी, ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके। पायलट की कुशलता और ग्राउंड स्टाफ के समन्वय से विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान के सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं। लैंडिंग के बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उनकी स्थिति सामान्य पाई गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इंजन में तकनीकी खराबी या संभावित इंजन फेलियर इस इमरजेंसी का कारण हो सकता है। हालांकि, विमानन अधिकारियों ने ऐसे किसी खराबी या अन्य वजह की पुष्टि नहीं की है, मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं। बहरहाल समय पर लिए गए फैसलों और सतर्कता के चलते एक संभावित बड़ा हादसा टल गया, जिससे यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। हिदायत/ईएमएस 28मार्च26