तेहरान,(ईएमएस)। ईरान और अमेरिका के बीच जारी भीषण संघर्ष को एक महीना पूरा होने पर तनाव चरम पर पहुंच गया है। शुक्रवार को ईरान ने सऊदी अरब स्थित प्रिंस सुल्तान एयर बेस को निशाना बनाकर एक बड़ा हमला किया, जिससे अमेरिकी खेमे को भारी क्षति पहुंची है। सैन्य सूत्रों के अनुसार, इस हमले में कम से कम 12 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं, जिनमें से दो की स्थिति अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। हमले के समय ये सैनिक बेस के भीतर एक रणनीतिक भवन में मौजूद थे। यह हमला मिसाइलों और उन्नत ड्रोनों के जरिए किया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कम से कम एक मिसाइल सीधे एयरबेस के मुख्य परिसर पर गिरी, जबकि कई ड्रोनों ने तकनीकी उपकरणों को निशाना बनाया। इस स्ट्राइक में अमेरिकी रीफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट (ईंधन भरने वाले विमान) को भी काफी नुकसान पहुंचा है। 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर यह दूसरा बड़ा हमला है। इससे पहले हुए हमले में पांच रीफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट क्षतिग्रस्त हो गए थे। युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमलों को 10 दिनों के लिए रोकने का संकेत देते हुए कहा है कि बातचीत सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है। हालांकि, ईरान ने अमेरिकी दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए किसी भी प्रकार की वार्ता से इनकार किया है। पश्चिम एशिया के अन्य खाड़ी देश भी अब इस टकराव में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल होने के संकेत दे रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बातचीत का कोई ठोस रास्ता नहीं निकला, तो यह युद्ध आने वाले दिनों में और भी विनाशकारी रूप ले सकता है, जिससे वैश्विक सुरक्षा और अर्थव्यवस्था पर गहरा असर पड़ेगा। भारी सैन्य और आर्थिक नुकसान एक महीने से जारी इस जंग में अमेरिका को अब तक जान-माल का बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में 300 से अधिक अमेरिकी सैनिक घायल हो चुके हैं। रक्षा विशेषज्ञों का अनुमान है कि मात्र तीन हफ्तों के भीतर ही अमेरिका को 1.4 से 2.9 बिलियन डॉलर तक का सैन्य नुकसान हुआ है। इसमें कई महंगे एमक्यू-9 रीपर ड्रोन और लगभग 300 मिलियन डॉलर की लागत वाला थाड मिसाइल सिस्टम का रडार शामिल है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने एक अमेरिकी एफ-18 फाइटर जेट को भी मार गिराने का दावा किया है, हालांकि वाशिंगटन ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वीरेंद्र/ईएमएस/28मार्च2026 --------------------------------