:: मुख्यमंत्री मोहन यादव गढ़ेंगे अंतरराज्यीय विकास का नया मॉडल :: इंदौर/भोपाल (ईएमएस)। मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधों को नई ऊंचाई देने के लिए आगामी 31 मार्च को वाराणसी में ‘एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में होने वाला यह सम्मेलन निवेश, निर्यात, ओडीओपी और पर्यटन के क्षेत्र में दोनों राज्यों के बीच एक एकीकृत इकोसिस्टम तैयार करेगा। कार्यक्रम की शुरुआत काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के अध्ययन भ्रमण से होगी, जिससे मध्यप्रदेश के तीर्थस्थलों में आधुनिक प्रबंधन प्रणालियाँ लागू करने का व्यावहारिक दृष्टिकोण विकसित किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान व्यापार, निवेश और कौशल विकास को सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण एमओयू हस्ताक्षरित किए जाएंगे। इसमें गंगा-नर्मदा क्राफ्ट कॉरिडोर जैसी अभिनव पहल के माध्यम से चंदेरी-महेश्वरी और बनारसी शिल्पकारों को साझा वैश्विक मंच प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, काशी-उज्जैन-चित्रकूट सर्किट को संयुक्त पर्यटन उत्पाद के रूप में विकसित करने पर मंथन होगा, जिससे दोनों राज्यों में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। यह आयोजन उद्योगपतियों, नीति-निर्माताओं और शिल्पकारों को एक साझा मंच प्रदान कर क्षेत्रीय विकास का एक सशक्त मॉडल प्रस्तुत करेगा। प्रकाश/28 मार्च 2026