नई दिल्ली (ईएमएस)। मनुष्य की अनियमित दिनचर्या, जंक फूड का बढ़ता सेवन, अत्यधिक तेल-मसालेदार भोजन, मानसिक तनाव और पर्याप्त नींद की कमी शरीर में कई तरह की समस्याओं को जन्म देती है। बढ़ती भागदौड़ के बीच लोग अपनी सेहत को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं, जिसका असर धीरे-धीरे शरीर पर दिखने लगता है। इन कारणों से शरीर में सूजन यानी इन्फ्लेमेशन बढ़ने लगता है, जो आगे चलकर जोड़ों के दर्द, लगातार थकान, पाचन संबंधी दिक्कतों और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। ऐसे में जरूरी है कि समय रहते शरीर की अंदरूनी सफाई और संतुलन बनाए रखने पर ध्यान दिया जाए। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि हमारी रसोई में मौजूद कई सामान्य मसाले और खाद्य पदार्थ औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं और नियमित उपयोग से शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं। लहसुन, अदरक, काली मिर्च और नींबू ऐसी ही चीजें हैं, जो न सिर्फ भोजन का स्वाद बढ़ाती हैं, बल्कि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी मजबूत करती हैं। इन सभी को मिलाकर तैयार किया गया एक सरल घरेलू टॉनिक शरीर को डिटॉक्स करने और इम्युनिटी बढ़ाने में सहायक हो सकता है। लहसुन को प्राकृतिक एंटीबायोटिक माना जाता है, जो शरीर में मौजूद हानिकारक बैक्टीरिया और संक्रमण से लड़ने में मदद करता है। यह सूजन को कम करने में भी उपयोगी होता है। अदरक पाचन तंत्र को मजबूत करता है और गैस, अपच तथा ब्लोटिंग जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है। साथ ही यह शरीर के मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने में भी मदद करता है। काली मिर्च मेटाबॉलिज्म को तेज करती है और शरीर में जमा विषैले तत्वों को बाहर निकालने में सहायक होती है। वहीं नींबू विटामिन सी से भरपूर होता है, जो इम्युनिटी बढ़ाने के साथ-साथ शरीर को प्राकृतिक रूप से डिटॉक्स करने में मदद करता है। इस टॉनिक को तैयार करना बेहद आसान है। एक गिलास पानी में थोड़ा कुटा हुआ अदरक, 1-2 लहसुन की कलियां और एक चुटकी काली मिर्च डालकर 5 से 10 मिनट तक उबालें। इसके बाद इसे छानकर उसमें आधा नींबू निचोड़ लें। नियमित रूप से इसका सेवन करने से शरीर को धीरे-धीरे लाभ मिल सकता है। सुदामा/ईएमएस 05 अप्रैल 2026