अंतर्राष्ट्रीय
29-Mar-2026
...


-सऊदी अरब सबसे ताकतवर, ईरानी में इन देशों में अमेरिकी ठिकानों को बनाया है निशाना रियाद,(ईएमएस)। अमेरिका और इजराइल की ओर से हमले के बाद से ही ईरान ने उन खाड़ी देशों को निशाना बना रहा है, जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने हैं। ईरान ने जिन देशों में अमेरिकी ठिकानों पर हमले किए हैं उनके पास भी सैन्य ताक़त है। हालांकि इन देशों ने अभी तक ईरान पर हमला नहीं किया है। खाड़ी के जिन देशों पर ईरान ने मिसाइलें दागीं हैं, उनमें सबसे बड़ी सेना सऊदी अरब के पास है। अपनी मजबूत सैन्य क्षमता और बड़े रक्षा बजट के दम पर सऊदी अरब मध्य पूर्व में एक बड़ी ताक़त के तौर पर उभरा है। सऊदी अरब सेना की सबसे बड़ी ताक़त उसकी एयरफ़ोर्स है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रॉयल सऊदी एयर फोर्स के पास 300 से ज्यादा एफ-15 स्ट्राइक ईगल और यूरोफ़ाइटर टाइफ़ून जैसे आधुनिक लड़ाकू विमान हैं जो इसे अपने आसपास के देशों की तुलना में मजबूत बनाए रखते हैं। इसके अलावा एडवांस एयर डिफ़ेंस सिस्टम पीस शील्ड है, मिसाइलें और एडवांस ड्रोन्स भी हैं। सऊदी अरब की थलसेना भी मजबूत मानी जाती है। इसके पास अमेरिकी अबराम टैंक और अत्याधुनिक बख्तरबंद गाड़ियां हैं। सऊदी अरब अपनी नौसेना को भी मजबूत कर रहा है ताकि वह अपने समुद्री मार्गों और ऊर्जा ठिकानों की सुरक्षा कर सके। हालांकि, इतने बड़े रक्षा बजट के बावजूद सऊदी अरब की सेना काफ़ी हद तक विदेशी हथियारों और तकनीक पर निर्भर है। ये अपने ज़्यादातर हथियार और सैन्य साज़ो-सामान अमेरिका, ब्रिटेन और फ़्रांस से लेता है। सालाना फ़ायर पावर रिव्यू के मुताबिक़ 2026 में 145 देशों में सऊदी अरब की रैंकिंग 25 है. इसका फ़ायर पावर इंडेक्स स्कोर है 0.4473। ग्लोबल फायरपावर इंडेक्स में कम स्कोर बेहतर माना जाता है। सैद्धांतिक रूप से इसका एक परफेक्ट स्कोर 0.0000 है, हालांकि कोई भी देश अभी तक इस स्तर तक नहीं पहुंच पाया है। अमेरिका इस सूची में 0.0857 के स्कोर के साथ शीर्ष स्थान पर है। दूसरे स्थान पर रूस और तीसरे पर चीन है। भारत इस इंडेक्स में चौथे और पाकिस्तान 14 वें स्थान पर है। खाड़ी देशों में एक और देश है जो तेज़ी से बड़ी सैन्य ताक़त के तौर पर उभर रहा है। खाड़ी क्षेत्र के अहम देश कुवैत ने अपनी मजबूत अर्थव्यवस्था और रणनीतिक साझेदारियों के दम पर एक ताक़तवर सेना खड़ी कर ली है। साल 2024 में कुवैत का रक्षा बजट 7.79 अरब डॉलर का था। कुवैत ग्लोबल फ़ायर पावर इंडेक्स में 76वें नंबर पर है और इसका पावर इंडेक्स स्कोर 1.716। कुवैत की थलसेना के पास करीब 367 बैटल टैंक हैं। एयरफ़ोर्स में 131 विमान शामिल हैं। इनमें 50 लड़ाकू विमान हैं। क्षेत्र में बढ़ते ड्रोन और मिसाइल खतरों को देखते हुए कुवैत ने लगातार अपने एयर डिफेंस सिस्टम और वायुसेना को आधुनिक बना रहा है। उसके पास एफए-18 हॉरनेट जैसे लड़ाकू विमान हैं। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) मध्य पूर्व की सबसे आधुनिक और मजबूत सैन्य ताकतों में से एक है। ईरान ने संयुक्त अरब में दुबई पर कई हमले किए हैं उसने कई ईरानी मिसाइलों को इंटरसेप्ट किया है लेकिन अभी तक जवाबी हमला नहीं किया है। यूएई के पास टेक्नोलॉजी और सटीक हमलों की क्षमता है। 2024 में यूएई का सालाना रक्षा बजट 22.75 अरब डॉलर का था। ग्लोबल फ़ायर पावर इंडेक्स में ये 54वें नंबर पर है और इसका पावर इंडेक्स है 1.0188 है। एयरफ़ोर्स यूएई की सबसे बड़ी ताकत है, जिसमें एफ-16 और मिराज 2000 जैसे लड़ाकू विमान शामिल हैं। यूएई के पास पैट्रियट और थाड जैसे एडवांस एयर डिफ़ेंस सिस्टम हैं। खाड़ी में अपनी रणनीतिक अहमियत की वजह से बहरीन की सेना खुद को मजबूत करने में जुटी है। बहरीन की सेना बहरीन डिफेंस फोर्स कहा जाता है। ये सेना ए़डवांस और तकनीक के तौर पर मजबूत मानी जाती है। बहरीन की एयरफोर्स भी इसकी सबसे मजबूत यूनिट मानी जाती है। 2026 की ग्लोबल फायरपावर रैंकिंग में ये 75वें स्थान पर है। समुद्री सुरक्षा के लिहाज से रॉयल बहरीनी नेवल फोर्स के पास अमेरिकी मूल का ओलिवर हजार्ड-पेरी क्लास का युद्धपोत है। वहीं थलसेना के पास एम60ए3 टैंक हैं। बहरीन का रक्षा बजट करीब 1.75 अरब डॉलर है, जिसमें क्षेत्रीय तनाव के चलते लगातार वृद्धि हो रही है। खाड़ी क्षेत्र का छोटा लेकिन समृद्ध देश क़तर अपनी सीमित आबादी के बावजूद आधुनिक सैन्य ताकत के जरिए वैश्विक ध्यान आकर्षित कर रहा है। क़तर दुनिया के सबसे बड़े गैस उत्पादक देशों में से एक है। ईरान ने हाल में क़तर की एक अहम गैस फैसिलिटी पर हमला किया था। कतर की सेना आकार में भले छोटी हो, लेकिन तकनीक और अत्याधुनिक हथियारों के मामले में यह काफी आगे है। ग्लोबल फ़ायर पावर इंडेक्स में ये 71वें नंबर पर है। इसका पावर इंडेक्स स्कोर है 1.409। क़तर के पास यूरो फ़ाइटर टाइफ़ून और रफाल जैसे आधुनिक फ़ाइटर प्लेट है। क़तर नौसेना छोटी है लेकिन उसके पास अत्याधुनिक पेट्रोलिंग जहाज है जो उसकी समुद्री सुरक्षा पर निगरानी रखती है। इसके साथ ही क़तर की सुरक्षा रणनीति में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की बड़ी भूमिका है। देश में स्थित अल उदैद एयरबेस अमेरिका का सबसे बड़ा सैन्य अड्डा है, जो कतर की सुरक्षा देता है। सिराज/ईएमएस 29 मार्च 2026