क्षेत्रीय
29-Mar-2026
...


फिरोजाबाद (ईएमएस)जिले के थाना नगला सिंघी क्षेत्र में पत्नी की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए आरोपी पति को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, 27 मार्च 2026 को नगला सिंघी थाना क्षेत्र के गांव रामपुर में गोविंद कुमार ने अपनी पत्नी सीमा देवी की धारदार हथियार से पेट में वार कर निर्मम हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दो टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने लगातार दबिश देते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपी को टीकरी पुलिया से नगला सदा जाने वाले कच्चे रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली है। घरेलू कलह और शक बना हत्या की वजह जांच में सामने आया कि आरोपी गोविंद अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और नशे की हालत में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। कुछ समय से पत्नी द्वारा बातचीत बंद कर देने के बाद उसका शक और बढ़ गया, जिसके चलते उसने इस खौफनाक कदम को उठाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। ईएमएस