मुंबई(ईएमएस)। रेमंड ग्रुप के पूर्व चेयरमैन और दिग्गज उद्योगपति विजयपत सिंघानिया का 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके पुत्र गौतम सिंघानिया ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस दुखद समाचार की पुष्टि की। उन्होंने अपने संदेश में पिता को एक दूरदर्शी उद्योगपति और महान समाजसेवी बताते हुए कहा कि उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी। विजयपत सिंघानिया का अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे मुंबई के चंदनवाड़ी श्मशान घाट में किया जाएगा। विजयपत सिंघानिया केवल कॉर्पोरेट जगत के ही दिग्गज नहीं थे, बल्कि वे अपने साहसिक कारनामों के लिए भी दुनिया भर में विख्यात थे। वे एक कुशल पायलट थे और एडवेंचर के प्रति उनका जुनून जगजाहिर था। वर्ष 1988 में उन्होंने लंदन से नई दिल्ली तक अकेले माइक्रोलाइट विमान उड़ाकर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया था। इतना ही नहीं, 2005 में 67 वर्ष की आयु में उन्होंने हॉट एयर बैलून के जरिए लगभग 69,000 फीट की ऊंचाई तक पहुँचकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। उनके इन साहसिक योगदानों के लिए उन्हें पद्म भूषण और तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। बिजनेस और एडवेंचर के साथ-साथ वे सामाजिक और प्रशासनिक पदों पर भी सक्रिय रहे। भारतीय वायुसेना ने उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें मानद एयर कमोडोर की उपाधि दी थी और 2006 में वे मुंबई के शेरिफ भी नियुक्त किए गए थे। हालांकि, जीवन के अंतिम वर्षों में वे अपने पुत्र के साथ संपत्ति और पारिवारिक विवादों को लेकर भी चर्चा में रहे। उनकी आत्मकथा एन एंजल इन ए कॉकपिट उनके जीवन के संघर्षों और सफलताओं का दस्तावेज है। उनके निधन से उद्योग जगत और एविएशन क्षेत्र में शोक की लहर है। वीरेंद्र/ईएमएस/29मार्च2026