पटना(ईएमएस)। बिहार की राजनीति में आज उस समय अचानक नाटकीय बदलाव आया जब भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफे का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम टल गया। जानकारी के अनुसार, नितिन नवीन को एक आपातकालीन स्थिति के कारण अचानक असम के डिब्रूगढ़ के लिए रवाना होना पड़ा। इससे पहले यह संभावना जताई जा रही थी कि वे आज सुबह 9 से 10 बजे के बीच बिहार विधानसभा की सदस्यता से अपना आधिकारिक त्यागपत्र सौंप देंगे। इस घटनाक्रम के बीच, बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को भी दिल्ली बुलाया गया है। प्रेम कुमार शनिवार रात ही दिल्ली से पटना लौटे थे, लेकिन अब वे पुनः राष्ट्रीय राजधानी के लिए प्रस्थान करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि उन्हें प्रदेश अध्यक्ष द्वारा इस्तीफे की सूचना दी गई थी, जिसके कारण वे पटना आए थे, लेकिन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के असम चले जाने के कारण अब नई तिथि निर्धारित की जाएगी। नितिन नवीन वर्तमान में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं और लगातार पांच बार वहां से विधायक रहे हैं। हाल ही में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद, संवैधानिक नियमों के तहत उन्हें विधानसभा की सदस्यता छोड़नी होगी। उनके इस्तीफे के बाद बांकीपुर सीट पर उपचुनाव की सुगबुगाहट भी तेज हो गई है। संवैधानिक प्रक्रिया के इसी क्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देंगे। इस्तीफे की अंतिम तिथि 30 मार्च तय की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल को राज्यसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो सकता है। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, नितिन नवीन, उपेंद्र कुशवाहा, शिवेश कुमार और रामनाथ ठाकुर शामिल होंगे। ये सभी नेता 9 अप्रैल को दिल्ली के लिए रवाना होंगे, जहां अन्य राज्यों से निर्वाचित सदस्यों के साथ वे उच्च सदन की सदस्यता की शपथ लेंगे। नवनिर्वाचित सदस्य शिवेश राम ने पुष्टि की है कि उन्हें समारोह के लिए आधिकारिक सूचना प्राप्त हो चुकी है। वीरेंद्र/ईएमएस/29मार्च2026