ब्यावरा(ईएमएस)l नगर के देहात थानान्तर्गत बरखेड़ी गांव में एक 16 वर्षीय नाबालिग ने कुए की रस्सी से फांसी लगा ली। परिजनों ने जब रस्सी से किशोर को लटके देखा तो तुरंत बाहर निकालकर सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है l मिली जानकारी अनुसार बरखेड़ी गांव निवासी सावंत सिंह गुर्जर का 16 वर्षीय पुत्र बीते रोज खाट पर बैठकर मोबाइल चला रहा था। खेत से भूसा लाना था, लेकिन बेटे को मोबाइल चलाते देख पिता को कुछ गुस्सा आ गया। उन्होंने उसे डांटते हुए कहा कि खेत से भूसा लेकर आ जा। इसके बाद गुस्से में किशोर उठकर चला गया। परिजनों को लगा कि वह भूसा लेने गया है, लेकिन कुछ देर बाद रिश्तेदार दौड़ते हुए आए और बताया कि किशोर कुए की रस्सी से लटका हुआ है। जब परिजन कुए पर पहुंचे तो देखा कि पानी निकालने की रस्सी के फंदे से किशोर लटका हुआ था। परिजनों ने उसे तुरंत बाहर निकाला और अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। देहात थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। -निखिल/ब्यावरा/29/3/2026