कोरबा (ईएमएस) कोरबा-चांपा सड़क मार्ग अंतर्गत उरगा थाना क्षेत्र पताड़ी के पास स्थापित और संचालित एक निजी पावर प्लांट के समीप एक दर्दनाक हादसा सामने घटित हो गया, बताया जा रहा हैं की गैस की किल्लत से जूझ रहे एक मजदूर की जान पर बन आई। खाना बनाने के लिए ईंधन का जुगाड़ करना मजदूर को भारी पड़ गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया। जानकारी के अनुसार, पावर प्लांट के आसपास बाहरी राज्यों से आए मजदूर अस्थायी रूप से रहकर पावर प्लांट में कार्य करते हैं। इन मजदूरों को अक्सर मूलभूत सुविधाओं, विशेषकर रसोई गैस की कमी का सामना करना पड़ता है। बताया जा रहा है कि गैस खत्म होने के कारण मजदूरों को खाना बनाने में परेशानी हो रही थी। इसी बीच एक मजदूर ने पास से गुजर रही कोयला मालगाड़ी से कोयला निकालने का जोखिम भरा कदम उठाया। उक्त मजदूर चलती मालगाड़ी के ऊपर चढ़कर कोयला निकालने लगा। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। तार छूते ही उसे जोरदार करंट लगा और वह बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना पश्चात आसपास मौजूद लोगों ने घायल मजदूर को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सको के द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज, कोरबा रेफर कर दिया गया। चिकित्सको ने जानकारी देते हुए बताया की मजदूर लगभग 70 प्रतिशत तक झुलस चुका है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल मजदूर की पहचान ओमप्रकाश (उम्र लगभग 28 से 30 वर्ष) के रूप में की गयी हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस घटना ने एक बार फिर मजदूरों के सामने मौजूद बुनियादी सुविधाओं की कमी और असुरक्षित परिस्थितियों को उजागर कर दिया है। यदि समय पर गैस और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होतीं, तो शायद यह हादसा टल सकता था। फिलहाल मजदूर का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर चिकित्सको की पैनी नजर बनी हुई है। 29 मार्च / मित्तल