- 5 लाख की आबादी को राहत, आरओबी पर क्षमता से दोगुना ट्रैफिक था, नहीं लगेगा अब जाम भोपाल (ईएमएस)। शहर के बावडिय़ा कला क्षेत्र में नवनिर्मित रेलवे अंडरब्रिज शुरू हो गया है। लंबे इंतजार के बाद इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। इस अंडरब्रिज से करीब 5 लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। बता दें कि अब तक बावडिय़ा कला रेलवे क्रॉसिंग के आरओबी पर क्षमता से दोगुना ट्रैफिक का दबाव था, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बनती थी। पीक ऑवर्स में यहाँ करीब 20 हजार पीसीयू ट्रैफिक पहुंच जाता था, जबकि इसकी डिजाइन क्षमता मात्र 10 हजार पीसीयू की ही है। इसलिए अब राहत मिलेगी। 5 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट पल्लवी नगर निवासी विपुल महेंद्र शर्मा और विष्णु हाईटेक सिटी निवासी डॉ. अंकित मिश्रा का कहना है कि बावडिय़ा कला, सलैया और कोलार रोड क्षेत्र के रहवासियों के लिए यह अंडरब्रिज काफी फायदेमंद साबित होगा। यह अंडरब्रिज सीधे नर्मदापुरम रोड से कनेक्टिविटी मजबूत करेगा, जिससे लोगों का समय और दूरी दोनों कम होंगे। इस प्रोजेक्ट की शुरुआत वर्ष 2025 में करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से की गई थी। अंडरब्रिज की चौड़ाई लगभग 5.5 मीटर है और इसके साथ बनी एप्रोच रोड भी पूरी तरह तैयार है। इसके चालू होने से अब दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही पहले से अधिक आसान और सुगम हो गई है। इन कॉलोनियों को राहत... नए अंडरब्रिज के शुरू होने से ट्रैफिक का दबाव कम होगा और बेहतर मैनेजमेंट संभव हो सकेगा। खासतौर पर रोहित नगर, शाहपुरा थाना और गुलमोहर कॉलोनी जैसे इलाकों में लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। विनोद / 29 मार्च 26