29-Mar-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) एक सनसनीखेज घटनाक्रम के चलते इन्दौर से दो दिन पहले 27 मार्च को लापता युवक का शव समीपस्थ ग्राम बलवाड़ा में मिला। परिजनों के अनुसार वह बलवाडा कैसे पहुंचा यह भी संदिग्ध है क्योंकि वह घर से तो सुबह नाश्ता करने का कहकर निकला और लापता हो गया था। जिसके बाद उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। मामला मल्हारगंज थाना क्षेत्र का है और गुमशुदा मृतक युवक का नाम अखिल सोनी पिता अनिल सोनी उम्र अठ्ठाइस साल निवासी अग्रसेन नगर है। वह 27 मार्च की सुबह घर से नाश्ता करने की बात कहकर निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। कल परिजनों को बलवाडा थाने से सूचना मिली कि अखिल का शव बलवाड़ा के समीप एक पुलिया के पास पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन रवाना हो गए। बलवाड़ा पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया है प्रारंभिक जांच में जहर से मौत की आशंका है, हालांकि अभी शॉर्ट पीएम रिपोर्ट भी नहीं आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों के अनुसार अखिल पर किसी तरह का कर्ज नहीं था और न ही किसी से उसका कोई विवाद था। बता दें कि अखिल के पिता अनिल सोनी की सराफे में भगवती ज्वेलर्स के नाम से दुकान हैं। अखिल भी उनके साथ काम करता था। परिवार में उसके दो बड़े भाई और हैं। आनंद पुरोहित/ 29 मार्च 2026