राष्ट्रीय
29-Mar-2026


-सरकार और भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम के बीच हुआ समझौता चंडीगढ़,(ईएमएस)। हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के बुजुर्गों के लिए एक और बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के सफल क्रियान्वयन को आगे बढ़ाते हुए सीएम ने घोषणा की है कि अयोध्या में रामलला के दर्शनों के बाद अब अगली विशेष तीर्थ ट्रेन अप्रैल के अंत में महाराष्ट्र स्थित नांदेड़ साहिब के लिए रवाना होगी। हाल ही में हरियाणा सरकार और भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम के बीच एक अहम समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस समझौते के तहत अब बुजुर्गों को बसों के बजाय विशेष ट्रेनों के जरिए तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जाएगी। प्रत्येक विशेष ट्रेन में 11 कोच होंगे, जिनमें से 10 कोच श्रद्धालुओं के लिए और एक कोच सहायक स्टाफ के लिए आरक्षित रहेगा। सीएम सैनी ने स्पष्ट किया कि इस यात्रा का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। योजना के तहत केवल वही वरिष्ठ नागरिक पात्र हैं जो 60 साल या उससे ज्यादा हो, परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपए से कम होनी चाहिए। इसके साथ ही पंजीकरण के लिए परिवार पहचान पत्र अनिवार्य है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इच्छुक श्रद्धालु हरियाणा सरकार के आधिकारिक तीर्थ दर्शन पोर्टल या सरल पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। सीएम सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा के दौरान बुजुर्गों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का हर वह बुजुर्ग, जो आर्थिक तंगी के कारण तीर्थ यात्रा नहीं कर पाया, वह सम्मानपूर्वक पवित्र स्थलों के दर्शन कर सके। सिराज/ईएमएस 29मार्च26