-मुठभेड़ में घायल आकाश निगम के तार कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े श्रीगंगानगर,(ईएमएस)। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में बीती रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में घायल हुआ बदमाश आकाश निगम के तार कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने के साथ ही मुंबई में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आकाश निगम और उसके सहयोगी शिवा गुर्जर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की सुपारी लेने में शामिल थे। बता दें 31 जनवरी 2025 की रात मुंबई में रोहित शेट्टी के आवास के बाहर फायरिंग की गई थी। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े शूटर आरजू बिश्नोई ने इस वारदात को अंजाम दिया था। जांच में सामने आया कि आकाश और शिवा ने इस हमले की रेकी करने और योजना बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई थी। आरजू बिश्नोई ने आकाश निगम को श्रीगंगानगर भेजा था, जहां उसे एक और आपराधिक वारदात को अंजाम देने का काम सौंपा था। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार रात सादुलशहर क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान आकाश निगम के वाहन को रोका। पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आकाश निगम के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। बीकानेर रेंज के आईजी ने मामले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि बदमाश आकाश ने पहले पड़ोसी जिले हनुमानगढ़ में भी रेकी की थी। आकाश निगम लॉरेंस गैंग का नया लेकिन सक्रिय सदस्य है, जो राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत कई राज्यों में आपराधिक गतिविधियों में शामिल है। उसके करीबी सहयोगी शिवा गुर्जर को कोतवाली पुलिस ने कुछ दिन पहले ही गिरफ्तार किया था। आईजी ने कहा कि जांच से साफ हो रहा है कि आकाश निगम रोहित शेट्टी फायरिंग मामले में शामिल था। आरजू बिश्नोई के निर्देश पर उसे श्रीगंगानगर भेजा गया था। हम पूरे कनेक्शन की तह तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस गैंग के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मुंबई पुलिस पहले ही इस फायरिंग मामले में आगरा के दो शूटरों दीपक शर्मा और प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू पंडित को गिरफ्तार कर चुकी है। आकाश निगम की गिरफ्तारी और पूछताछ से रोहित शेट्टी फायरिंग समेत अन्य वारदातों के कई राज खुलने की संभावना है। पुलिस जांच जारी है। आगे और खुलासे होने की संभावना है। सिराज/ईएमएस 29मार्च26