राष्ट्रीय
29-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए पहली बार सेकेंड बोर्ड परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह परीक्षा 15 मई से शुरू होगी। मुख्य परीक्षा के परिणाम घोषित होने के पांच दिन के भीतर छात्र-छात्राएं दूसरी परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे। सीबीएसई के अनुसार, यह कदम विद्यार्थियों को अपने अंकों में सुधार का अवसर देने के उद्देश्य से उठाया गया है। दोनों परीक्षाओं में से जिस विषय में अधिक अंक प्राप्त होंगे, वही अंतिम मार्कशीट में जोड़े जाएंगे। छात्र विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान सहित अन्य प्रमुख विषयों में अपने प्रदर्शन को बेहतर बना सकेंगे। परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 15 मई को गणित, 19 मई को विज्ञान और 22 मई को सामाजिक विज्ञान का पेपर आयोजित किया जाएगा। बोर्ड का मानना है कि इस पहल से विद्यार्थियों पर परीक्षा का दबाव कम होगा और उन्हें बेहतर परिणाम हासिल करने का अवसर मिलेगा। यह व्यवस्था शिक्षा प्रणाली में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नंदिनी परसाई/ 29 मार्च 2029