राष्ट्रीय
29-Mar-2026


सोनीपत,(ईएमएस)। हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी रविवार को गोहाना धन्यवाद एवं विकास रैली के दौरान करीब 92 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, करीब 20 करोड़ रुपए के कार्यों का उद्घाटन भी किया जाएगा। नई सब्जी मंडी में आयोजित इस रैली को लेकर प्रशासन और बीजेपी संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं। यह रैली इसलिए भी खास है क्योंकि गोहाना में पहली बार बीजेपी की जीत के बाद सीएम यहां आभार जताएंगे। सुबह से ही बदले मौसम ने आयोजकों की चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट के मुताबिक रैली स्थल पर टिन शेड के नीचे मुख्य मंच तैयार किया गया है। भीड़ ज्यादा आने की संभावना को देखते हुए शेड के दोनों ओर टेंट लगाकर बैठने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है, जिसके चलते सोनीपत रोड से नई सब्जी मंडी तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। मुख्यमंत्री विकास कार्यों को गति देने के साथ गोहाना में बीजेपी की सियासी पकड़ को और मजबूत करने का संदेश देंगे। रैली की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री एवं गोहाना से विधायक डॉ. अरविंद शर्मा करेंगे। महिलाएं मंगलाचार करते हुए रैली में शामिल होंगी और लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर सीएम का आभार जताएंगी। वहीं दूसरी तरफ बदलते मौसम ने आयोजकों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आ गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो-तीन दिन मौसम परिवर्तनशील रहेगा और बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में बारिश होने पर रैली में व्यवधान पड़ सकता है, हालांकि प्रशासन ने इससे निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी तैयार की हैं। टिन शेड के दोनों तरफ वाटरप्रुफ टेंट लगाया गया है। सिराज/ईएमएस 29मार्च26