- लोगों ने किया प्रदर्शन , दिया धरना : पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर संभाग के आदिवासी बाहुल डिंडौरी जिला मुख्यालय में चैत्र नवरात्र के दौरान शनिवार देर रात काली विसर्जन जुलूस में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब अवंती बाई चौक पर कुछ अज्ञात बदमाशों ने जुलूस पर अंडे फेंके जाने की खबर तेजी से फैली । इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों का आक्रोश भड़क उठा और देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोागें के मुताबिक शनिवार रात करीब 11 बजे गाजे-बाजे के साथ निकाला जा रहा मां काली का जुलूस जैसे ही अवंती बाई चौक पहुंचा, तभी बाइक सवार तीन नकाबपोश युवकों ने जुलूस पर अंडे फेंक दिए। घटना को अंजाम देकर आरोपी भीड़ का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। अंडे फेंके जाने की खबर फैलते ही बडी़ संख्या में लोग चौक पर एकत्रित होकर नारेबाजी करने लगे और धरने पर बैठ गए। इस दौरान जुलूस को बीच रास्ते में ही रोक दिया गया और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग उठने लगी। आधे घंटे प्रदर्शन के बाद समझाइश देकर प्रदर्शनकारियों को रवाना किया गया। पुलिस द्वारा इस ओर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही गई। स्थिति बिगड़ते देख भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस और प्रशासन ने लोगों को समझाइश देकर शांत कराया। इस मामले में स्थानीय लोगा ें का कहना था कि उिंडोैरी का अवंती बाई चौक सबसे संवेदनशील चौक है, यहां कैमरे चालू न होने पर भी बड़ा सवाल है। इसी तरह पूरे क्षेत्र में अंडे मुर्गी की दुकान भी जिला मुख्यालय में जगह-जगह लग रही है। नर्मदा पुल सहित बस स्टैंड के पास नर्मदा नदी किनारे अंडे की दुकान लगा आम बात है। इसी तरह सब्जी मंडी में मास खुले आम बिक रहा है। इस ओर शासन प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहा है। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश के बाद भी प्रशासनिक लापरवाही बढ़ती जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा पूरे घटनाक्रम के संबंध में दी गई जानकारी के मुताबिक डिंडोरी नगर में शनिवार देर रात मां काली की प्रतिमा विसर्जन के दौरान अंडे फेंके जाने की अफवाह से तनाव फैल गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया और हालात को संभाला। डिंडोरी बस स्टैंड में स्थापित मां काली की प्रतिमा का विसर्जन जुलूस रात करीब साढ़े 11 बजे निकाला जा रहा था। जब जुलूस अस्पताल कॉलोनी क्षेत्र के पास पहुंचा, तो सड़क पर चार से पांच फूटे हुए अंडे मिले। इस घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते भीड़ उग्र होने लगी। कुछ लोग मस्जिद मोहल्ले की ओर बढ़ने लगे, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एस डी एम राम बाबू देवांगन और एस डी ओ पी सतीश द्विवेदी सहित भारी पुलिस बल तुरंत सक्रिय हुआ। उन्होंने भीड़ को आगे बढ़ने से रोका । हालात बिगड़ते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को वहां से खदेड़ा। इस दौरान पुलिस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील भी की। सिटी कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार की बड़ी घटना नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सड़क पर अंडे कैसे पहुंचे और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शहर में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें। ईएमएस / 29 मार्च 26