राष्ट्रीय
29-Mar-2026


-एलडीएफ और यूडीएफ पर लगाए भ्रष्टाचार और वोट-बैंक राजनीति के आरोप तिरुवनंतपुरम,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को केरल में चुनाव प्रचार की शुरुआत की और पलक्कड़ में आयोजित रैली में एलडीएफ और यूडीएफ पर जमकर हमला बोला। मोदी ने कहा कि दशकों से केरल “मतलबी राजनीति के दो मुखौटों” के बीच फंसा हुआ है। उन्होंने एलडीएफ को कम्युनिस्ट और यूडीएफ को कांग्रेस का प्रतिनिधि बताते हुए दोनों को भ्रष्ट और वोट-बैंक पॉलिटिक्स का हिस्सा बताया। यहां आयोजित रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, कि एक करप्ट, दूसरा महा-करप्ट। एक कम्युनल, दूसरा महा-कम्युनल। इन दोनों पार्टियों की सारी पॉलिसी केवल वोट-बैंक के लिए हैं। इन्हें भाजपा से डर लगता है। यदि हम सत्ता में आएंगे तो इनके सारे काले कारनामों की पोल खुल जाएगी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर भी निशाना साधा और महिलाओं के शोषण से जुड़े हालिया मामलों का जिक्र करते हुए चेतावनी दी कि जनता सावधान रहे। पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए की सरकार के आने पर केरल में तेजी से विकास होगा और एक “डेवलप्ड केरल” का सपना साकार होगा। जनता का मूड और समर्थन रैली में पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए की लोकप्रियता और बीजेपी पर लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। पलक्कड़ में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी यह दर्शाती है कि केरल के युवा, महिलाएं और किसान बीजेपी और एनडीए को पसंद कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार केरल में चुनावी माहौल बिल्कुल अलग है और राज्य बदलाव का संदेश दे रहा है। हिदायत/ईएमएस 29मार्च26