-एम्स दिल्ली ने अपनी पूर्व छात्रा को दी बधाई, ग्वालियर से पोस्ट ग्रेजुएशन नई दिल्ली,(ईएमएस)। नेपाल में नई सरकार के गठन के साथ स्वास्थ्य मंत्रालय की जिम्मेदारी मेडिकल प्रोफेशनल निशा मेहता को सौंपी गई है। प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के नेतृत्व वाली सरकार में उन्हें स्वास्थ्य और जनसंख्या मंत्री बनाया गया है। खास बात यह है कि उनका भारत से गहरा शैक्षणिक संबंध रहा है, जिसने उनके करियर को नई दिशा दी। एम्स दिल्ली ने अपनी पूर्व छात्रा निशान मेहता को इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी है। नई दिल्ली स्थित एम्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग ने अपनी पूर्व छात्रा के मंत्री बनने पर खुशी जताई है। संस्थान ने बताया कि निशा मेहता ने यहां से वर्ष 2006 से 2010 के बीच बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की। संस्थान ने इसे पूरे नर्सिंग समुदाय के लिए गर्व का क्षण बताया और कहा कि उनका सफर मरीजों की सेवा से लेकर नीति-निर्माण तक प्रेरणादायक है। ग्वालियर से उच्च शिक्षा ग्रेजुएशन के बाद निशा मेहता ने ग्वालियर विश्वविद्यालय, मध्य प्रदेश से नर्सिंग में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद वे नेपाल लौट गईं और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने लगीं। नेपाल लौटने के बाद उन्होंने बिराटनगर के बिराट टीचिंग अस्पताल में काम किया, जहां उन्होंने एक वर्ष तक नर्स के रूप में सेवा दी। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी चुनौतियों को करीब से समझा, जो आगे चलकर उनके नेतृत्व की नींव बनी। प्रेरणादायक सफर एम्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग ने अपने संदेश में कहा कि निशा मेहता की उपलब्धि यह साबित करती है कि नर्स केवल देखभाल करने वाली ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था को दिशा देने वाली नेतृत्वकर्ता भी बन सकती हैं। उनका यह सफर नर्सिंग के क्षेत्र से जुड़े छात्रों और पेशेवरों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हिदायत/ईएमएस 29मार्च26