क्षेत्रीय
29-Mar-2026
...


रायसेन(ईएमएस)। रायसेन जिले के कुचवाड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार रात करीब 10 बजे एक 45 वर्षीय व्यक्ति की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रविंद्र रघुवंशी के रूप में हुई है। घटना के समय रविंद्र खेत पर काम कर रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने पास आकर उन पर फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल रविंद्र को परिजन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि जून 2023 में भी इसी परिवार के एक सदस्य की विवाद के दौरान गोली मारकर हत्या हुई थी। एक ही परिवार में दूसरी हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि पहले की घटना के बाद भी पुलिस ने पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई, जिसके चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश में टीम गठित की गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, ग्रामीणों ने सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। नंदिनी परसाई/29 मार्च 2026