क्षेत्रीय
29-Mar-2026
...


- निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग गुना (ईएमएस)। राघौगढ़ थाना परिसर में पुलिसकर्मियों द्वारा एक युवक के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस पूरे प्रकरण को गंभीर बताते हुए राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने पुलिस अधीक्षक गुना को पत्र लिखकर मामले की शीघ्र निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। विधायक द्वारा लिखे गए पत्र के अनुसार, 28 मार्च को राघौगढ़ निवासी नीरज सैनी को पुलिसकर्मी थाने लेकर पहुंचे, जहां उसके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और गंभीर मारपीट की गई। बताया गया है कि मारपीट के कारण युवक की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों ने उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साडा कॉलोनी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर बाद में उसे गुना के एक निजी अस्पताल में शिफ्ट करना पड़ा। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पीड़ित के बड़े भाई अभिषेक सैनी जब अपने भाई की जानकारी लेने थाने पहुंचे, तो उनके साथ भी पुलिसकर्मियों द्वारा अभद्रता और मारपीट की गई, जिसे बेहद निंदनीय बताया गया है। विधायक ने आरोप लगाया कि प्रारंभिक कार्रवाई के नाम पर केवल दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है, जबकि शिकायत में तीसरे पुलिसकर्मी का भी स्पष्ट उल्लेख है। ऐसे में सभी दोषियों पर समान रूप से कार्रवाई न होना सवाल खड़े करता है। अपने पत्र में विधायक ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य कानून व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, लेकिन इस तरह की घटनाएं पुलिस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगाती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि थाना नागरिकों की सुरक्षा का स्थान है, न कि उनके साथ मारपीट का। विधायक ने मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि न्याय नहीं मिला तो जनआक्रोश और बढ़ सकता है। - सीताराम नाटानी