नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को फंसाकर लूटने वाला गैंग पकड़ा गया है। महिला डेटिंग ऐप का इस्तेमाल कर लोगों को बुलाती थी और अपने साथियों के साथ मिलकर लूट लेती थी। फर्ज कीजिए की एक अदद मोहब्बत की तलाश में आप किसी शहर में भटक रहे हैं और कहीं कोई प्यार करने वाला नहीं मिल रहा है। आपने इसका एक दूसरा रास्ता निकाला और डिजिटल दुनिया में प्यार की तलाश शुरू की और ये प्यार आपको अचानक 7 लाख रुपए का पड़ जाए। जी हां, दिल्ली एक ऐसे ही गैंग को पकड़ा गया है, जो भोले लोगों को डेटिंग ऐप्स के जरिए फंसाता था और उनसे लूट करता था। आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है। मामला दिल्ली के कालका जी इलाके का है। यहां एक शख्स की 3एफ नाम के डेटिंग पर एक महिला से मुलाकात हुई। दोनों के बीच मिलने का वक्त तय हुआ और जगह तय हुए नेहरू प्लेस की। यहां लडकी ने युवक को मिलने के लिए बुलाया और जब वो वहां पहुंचा तो लड़की के साथ आए तीन लोगों ने उस पर हमला कर दिया और जबरदस्ती कार में भरकर दूसरी जगह ले गए। आरोपियों ने इस दौरान युवक को डराया-धमकाया और गला दबाकर उसे बेहोश करने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए युपीआई, एटीएम कार्ड और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अपने खातों में करीब 7 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। 7 लाख की लूट के बाद आरोपियों ने पीड़ित को दोबारा नेहरू प्लेस छोड़ दिया और धमकी देते हुए कहा कि इस घटना की अगर शिकायत की तो उसे जान से मार देंगे। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/29/ मार्च/2026