- आपसी खींचतान में रुक गए नाम जबलपुर, (ईएमएस)। मध्य प्रदेश में लंबे इंतजार के बाद रविवार को 169 नगरीय निकायों में एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) के नामों की घोषणा कर दी गई, लेकिन जबलपुर नगर निगम में एक बार फिर सहमति नहीं बन सकी। पनागर और सिहोरा में जहां नामों पर मुहर लग गई, वहीं जबलपुर शहर में आपसी खींचतान के चलते सूची जारी नहीं हो पाई। राजनीतिक हलकों में इसे संगठन और स्थानीय नेतृत्व के बीच तालमेल की कमी के रूप में देखा जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले नगर निगम की एमआईसी (मेयर इन काउंसिल) के गठन में भी लंबा विवाद चला था और आज भी कई पद खाली हैं, जबकि अगले साल निगम का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। राज्य में 169 निकायों में घोषणा … प्रदेश के 123 नगर परिषदों में 4-4 और 46 नगर पालिकाओं में 6-6 एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। जबलपुर जिले की सिहोरा और पनागर नगर पालिकाओं में नाम घोषित हुए हैं. सिहोरा में सत्य प्रकाश खरे, अमित खत्री, आलोक जैन, साकेत पांडे, गीता पटेल, विनोद गुप्ता। वहीं पनागरमें अनिल गौतम, रेखा ताम्रकार, विनय जैन, राजेश तिवारी, दुर्गेश बर्मन, सचिन पटेल को एल्डरमैन बनाया गया है। सूत्रों के अनुसार एल्डरमैन के नामों की घोषणा सबसे पहले नगर परिषद स्तर से शुरू की गई है। जबलपुर शहर क्यों पिछड़ा…… जबलपुर नगर निगम में पहले भी एमआईसी गठन को लेकर खींचतान सामने आ चुकी है। आधे पद अभी भी खाली हैं। अब एल्डरमैन सूची में देरी से यह सवाल उठने लगा है कि क्या स्थानीय स्तर पर गुटबाजी निर्णय प्रक्रिया पर भारी पड़ रही है? राजनीतिक जानकारों का कहना है कि जब निगम का कार्यकाल समाप्ति की ओर है, ऐसे समय में नियुक्तियों में देरी से प्रशासनिक कामकाज और समन्वय प्रभावित हो सकता है। क्या होती है एल्डरमैन की भूमिका…. मध्य प्रदेश के नगरीय निकायों में एल्डरमैन की नियुक्ति प्रशासनिक अनुभव और नगर पालिका अधिनियम की समझ के आधार पर की जाती है। संगठन की सिफारिश पर नियुक्त एल्डरमैन परिषद की बैठकों और चर्चाओं में सक्रिय रूप से भाग ले सकते हैं, लेकिन उन्हें वोट देने का अधिकार नहीं होता। इनका कार्यकाल परिषद के कार्यकाल के साथ ही समाप्त होता है। सरल शब्दों में, एल्डरमैन परिषद के मार्गदर्शक होते हैं, निर्णायक नहीं। अब नजर इस बात पर है कि जबलपुर नगर निगम में सहमति कब बनती है और क्या एमआईसी की तरह यह मुद्दा भी लंबा खिंचता है, या फिर जल्द कोई समाधान निकलता है। सुनील साहू / शहबाज / 29 मार्च 2026/ 05.54