- मारपीट के बाद पैर बांधकर बाइक से घसीटा राजगढ़(ईएमएस)l जिले में बेटी का लगुन लेकर आए शाजापुर के एक बुजुर्ग को उसके होने वाले समधी ने जमकर पीटा और फिर पैर में रस्सी बांधकर बाइक से सड़क पर घसीटा। जानकारी अनुसार अपनी बेटी का लगुन लेकर राजगढ़ जिले के भैंसवामाता गांव पहुंचे शाजापुर जिले के एक बुजुर्ग पर उस व्यक्ति ने दबंगई दिखाई, जिसके बेटे से उसने रिश्ता तय किया। दबंग ने न सिर्फ बुजुर्ग को जमकर पीटा बल्कि अमानवीयता की हद तक जाते हुए उनके पैर में रस्सी बांधकर बाइक से सड़क पर घसीटा। लोगों ने किसी तरह लड़की के पिता को छुड़ाया l पीड़ित शाजापुर जिले के सिरोलिया ग्राम निवासी मांगीलाल ने अपनी बेटी की शादी भैंसवामाता गांव निवासी देवीलाल के बेटे से तय की थी। देवीलाल लगुन के बहाने उसे भैंसवा माता शक्तिपीठ मंदिर लेकर आया। वहां पहले तो उसने बुजुर्ग के साथ शराब पी और फिर विवाद के बाद उसे रस्सी से बांधकर बाइक से सड़क पर घसीटना शुरू कर दिया। वहां मौजूद लोगों ने यह देखकर उसे रोका और किसी तरह बुजुर्ग को मुक्त कराया। उसके बाद भी आरोपित ने बुजुर्ग को पीटने की कोशिश की। - मौके से भागा आरोपी लोगों की भीड़ बढ़ी और कुछ लोग विरोध में खड़े हो गए तो आरोपी वहां से भाग गया। लोगों ने घायल बुजुर्ग की जेब से मोबाइल निकालकर उसके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस वाहन की मदद से उन्हें मक्सी थाने ले जाया गया। वहां से उसे शाजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।-निखिल/राजगढ़/29/3/2026