ग्वालियर ( ईएमएस ) । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देष पर ग्वालियर पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने एंव अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त करने वालों के विरूद्ध जिले में प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त कार्यवाही के दौरान थाना ग्वालियर पुलिस को जरिये मुखबिर सूचना प्राप्त हुई की थाना क्षेत्र में सोना गार्डन के पीछे सरकारी नाले के पास ओबर ब्रिज के नीचे चार व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में अवैध हथियार व राउन्ड खरीदने व बेचने की बातें कर रहे हैं। उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देषों के परिपालन में सीएसपी ग्वालियर कृष्ण पाल सिंह(रापुसे) के मार्गदर्षन में थाना प्रभारी ग्वालियर निरीक्षक प्रषांत शर्मा ने थाना बल की टीम को मुखबिर के बताये स्थान सोना गार्डन के पास कार्यवाही करने हेतु भेजा गया। मुखबिर के बताये स्थान पर सोना गार्डन के पीछे, सरकारी नाले के पास, पहुंचे तो ओवरब्रिज के नीचे नाले के पास चार व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़े हुये दिखाई दिये, जो पुलिस को देखकर मौके से भागने लगे। जिन्हे पुलिस टीम द्वारा पीछा कर व घेरकर पकड़ने का प्रयास किया गया और दो संदिग्ध व्यक्तियों को घेरकर मौके पर पकड़ा गया, परन्तु दो बदमाश मौके की भौगोलिक स्थिति का व अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गये। पकड़े गये संदिग्ध दोनों व्यक्तियांे से नाम पता पूछने पर एक ने अपना नाम हर्षित शर्मा पुत्र मोहनलाल शर्मा उम्र 18 साल निवासी शिव विहार कालोनी चौड़े के हनुमान नगर मरघटका नाम रोड ग्वालियर तथा दूसरे ने शिवम राजपूत उर्फ गौरव पुत्र धारा सिंह राजपूत उम्र 19 साल निवासी भीकम नगर चौड़े के हनुमान नगर ग्वालियर थाना हजीरा का होना बताया। पकड़े गये दोनों संदिग्ध व्यक्तियों में से हर्षित शर्मा की तलाशी लेने पर उसकी कमर में एक 315 बोर का कट्टा तथा लोअर की जेब में एक जिन्दा राउन्ड मिला और शर्ट की जेब में 100-100 रुपये के 15 नोट कुल 1500 रुपये नगद रखे मिले। दूसरे व्यक्ति शिवम राजपूत की तलाशी लेने पर जीन्स पेंट की बांयी जेब में एक जिन्दा राउन्ड मिला। पकड़े गये बदमाशों से उनके भागने वाले साथियों के बारे में पूछने पर एक का नाम तन्नू पंडित निवासी चन्द्रबदनी नाका व दूसरे भानू तोमर निवासी भिण्ड हाल इन्द्रा नगर चार शहर का नाका हजीरा ग्वालियर बताया तथा दोनों ने तन्नू पंडित व भानू तोमर को अवैध हथियार कट्टा व राउन्ड खरीदने व बेचने का कार्य करना बताया एवं मौके पर दोनों से बरामद हथियार अवैध कट्टा व जिन्दा राउन्ड दो दिन पूर्व तन्नू पंडित व भानू तोमर से ही खरीदना बताया। पकड़े गये बदमाशों ने किसी आयुष खटीक निवासी हजीरा से झगड़ा होने के कारण और हथियारों की आवश्यकता होने पर आज पुनः तन्नू पंडित व भानू तोमर से और हथियार व राउन्ड खरीदने के लिए आना बताया। आरोपीगणों का यह कृत्य अपराध धारा 25(1)(ए), 27 आर्म्स एक्ट का पाये जाने से थाना ग्वालियर में अप0क्र0 126/26 दर्ज कर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा मौके से भागे बदमाशों की तलाश की जा रही है।