क्षेत्रीय
29-Mar-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। गंदे पानी की शिकायत के बाद नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप ने जोन 9 अंतर्गत लभांडी स्थित संकल्प सोसायटी फेस-2 का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छ पेयजल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने रहवासियों की समस्या को देखते हुए पेयजल टैंकरों के माध्यम से साफ पानी उपलब्ध कराने, बंद पड़ी वाटर एटीएम मशीन को शीघ्र मरम्मत कर पुनः चालू करने तथा गंदे पानी की निकासी के लिए नाला निर्माण का प्रस्ताव तत्काल तैयार करने के निर्देश दिए। नगर निगम जोन 9 के जल विभाग द्वारा जोरा पानी टंकी की सफाई कराई गई है और टैंकरों के जरिए नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल मोबाइल यूनिट ने क्षेत्र में शिविर लगाकर निवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक दवाइयां वितरित कीं। निरीक्षण के दौरान जोन 9 के जोन कमिश्नर राकेश शर्मा, कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, उपअभियंता आशुतोष पाण्डेय, रविप्रभात साहू और श्रीमती अंकिता जनार्दन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/29 मार्च 2026