अशोकनगर (ईएमएस)। जिले के पिपरेसरा गांव में रविवार सुबह करीब 7:30 बजे गेहूं की फसल की थ्रेसिंग के दौरान एक जॉन डियर ट्रैक्टर की डीजल टंकी में आग लग गई और वह फट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक सुबेन्द्र पुत्र रूप सिंह यादव उम्र 24 साल की पीठ झुलस गई। घटना उस समय हुई जब ट्रैक्टर से थ्रेसर चल रही थी। जॉन डियर ट्रैक्टर की डीजल टंकी चालक की सीट के ठीक पीछे स्थित होने के कारण आग लगने पर सुबेन्द्र की पीठ गंभीर रूप से झुलस गई। टंकी फटने से डीजल भी जमीन पर बिखर गया। आग लगते ही सुबेन्द्र तुरंत ट्रैक्टर की सीट से कूद गया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और उस पर काबू पा लिया। इससे ट्रैक्टर और गेहूं की फसल को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। घायल सुबेन्द्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 29 मार्च 2026