क्षेत्रीय
29-Mar-2026
...


अलीगढ़ (ईएमएस)। थाना क्वार्सी क्षेत्र के टीकाराम डिग्री कॉलेज परिसर में एक चपरासी की हत्या कर दी गई। जिसका शव कॉलेज परिसर में पड़ा मिला। हमलावरों ने हत्या के बाद शव को जलाने का भी प्रयास किया। चपरासी रात से लापता था और उसके परिजन उसे खोज रहे थे। चपरासी को सुबह छह बजे अपनी ड्यूटी पर पहुंचना था। मगर कहीं भी उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। परिजनों ने सुबह पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच शुरू की। रविवार दोपहर करीब 11ः30 बजे पुलिस को चपरासी धर्मेंद्र का शव कॉलेज परिसर में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र सुबह सवा छह बजे अपनी ड्यूटी पर पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से आए हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और उन पर हमला किया। धर्मेंद्र के परिवार वाले रात भर से परेशान थे। वे लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। सुबह ड्यूटी पर न पहुंचने पर उनकी चिंता और बढ़ गई। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। हमलावरों ने धर्मेंद्र पर हमला करने के बाद उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने शव को जलाने का भी प्रयास किया। पुलिस ने आनन फानन में शव को बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। इनका कहना है... इस सबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी सर्वम सिंह का कहना है कि टीकाराम महाविधालय से एक शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी, स्थानीय पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर इलेक्ट्रॉनिक एवं परिस्थिति जनित अन्य साक्ष्यों के आधार पर एक व्यक्ति जोकि उसी महाविधालय में पार्किंग का ठेकेदार है उसे हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति ने जुर्म इकबाल करते हुए पूछताछ करने पर बताया कि उस पर मृतक के एक लाख रुपये बकाया थे, मृतक अपने रुपये मांग रहा था जिस कारण उसकी हत्या कर दी गई तथा साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को पार्किंग स्थित नाले में छुपा दिया गया। प्रकरण में साक्ष्य संकलन करते हुए आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है । मौके पर पूर्ण शांति है। ईएमएस / 29/03/2026