धनबाद(ईएमएस)। धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भिखराजपुर में रामनवमी के दिन हुई घटना को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस मामले को लेकर गठबंधन के नेताओं ने सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता आयोजित कर पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए और घटना की कड़ी निंदा की।प्रेस वार्ता में गठबंधन के प्रतिनिधियों ने कहा कि घटना के बाद पुलिस द्वारा 18 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, लेकिन उससे पहले उन्हें बाजार में घुमाना बेहद आपत्तिजनक और गैरकानूनी है। नेताओं का आरोप है कि इस तरह की कार्रवाई न सिर्फ मानवाधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि कई निर्दोष लोगों को भी बेवजह परेशान किया गया है।उन्होंने कहा कि देश की सर्वोच्च अदालत के स्पष्ट निर्देश हैं कि जब तक किसी व्यक्ति का दोष साबित नहीं हो जाता, तब तक इस प्रकार की सार्वजनिक पहचान (टीआई परेड जैसे) या अपमानजनक व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए। इसके बावजूद पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के विपरीत है।गठबंधन नेताओं ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए कहा कि संबंधित पुलिस अधिकारियों पर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घटना में जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन निर्दोष लोगों को प्रताड़ित करना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।प्रेस वार्ता के दौरान नेताओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि कानून का पालन सभी के लिए समान रूप से होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस मामले में न्यायसंगत कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आगे आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं। कर्मवीर सिंह/29मार्च/26