पुलिसकर्मी पर थप्पड़ मारने का आरोप, कार से टकराई बाइक अशोकनगर (ईएमएस)। जिले में रविवार शाम वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक अनियंत्रित होकर कार से टकरा गई। इस हादसे में बाइक चालक सहित दो लोग घायल हो गए। घटना गुना-अशोकनगर रोड स्थित शाढ़ौरा के माहोर पेट्रोल पंप के पास हुई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि चेकिंग कर रहे एक पुलिसकर्मी ने बाइक चालक को रोकने के प्रयास में थप्पड़ मार दिया, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बाइक सडक़ पर गिरकर सामने से आ रही कार की चपेट में आ गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने सडक़ पर चक्का जाम कर दिया और हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। लोगों ने पुलिसकर्मी का नाम अमित शर्मा बताया। वहीं प्रदर्शन के दौरान कुछ वीडियो सामने आए जिसमें पुलिसकर्मी कह रहा है कि वह उसे काफी दूर से रोकने का प्रयत्न कर रहा था। घायलों को तत्काल शाढ़ौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया है कि घायल युवक हार्वेस्टर पर काम करने वाले थे और उनके पीछे ही हार्वेस्टर आ रहा था, जिसे घटना के बाद सडक़ पर रखकर जाम लगाया गया था। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 29 मार्च 2026