- सेंसेक्स 980 अंक टूटा, निफ्टी 22,600 के नीचे मुंबई (ईएमएस)। घरेलू शेयर बाजार में सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को गिरावट का माहौल रहा, हालांकि मेटल और ऑयल एंड गैस सेक्टर में खरीदारी के चलते शुरुआती नुकसान कुछ हद तक कम हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 50 करीब 0.70 प्रतिशत यानी लगभग 160 अंक गिरकर 22,659.60 पर ट्रेड करता दिखा। वहीं बीएसई सेंसेक्स भी 514 अंक फिसलकर 73,069.21 के स्तर पर रहा। ब्रॉडर मार्केट में ज्यादा कमजोरी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप में करीब 1.95 प्रतिशत और स्मॉलकैप में 2.31 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। सेक्टोरल फ्रंट पर निफ्टी बैंक और पीएसयू बैंक इंडेक्स में सबसे ज्यादा दबाव रहा, जबकि निफ्टी मेटल ने बेहतर प्रदर्शन किया। वैश्विक बाजारों से भी नकारात्मक संकेत मिले। कच्चे तेल के दामों में तेजी आई है, जहां ब्रेंट क्रूड 3 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 114 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और सप्लाई को लेकर चिंता इसके प्रमुख कारण हैं। एशियाई बाजारों में भी भारी गिरावट रही। कोस्पी में 5 प्रतिशत से ज्यादा, निक्कई 225 में 4 प्रतिशत से अधिक और सीएसई 300 में भी कमजोरी देखी गई। अमेरिकी बाजार भी दबाव में बंद हुए, जहां एसएंडपी 500 और डाउ जोंस इंडस्ट्रीयल एवरेज में गिरावट दर्ज की गई। इस बीच आईपीओ बाजार में सुस्ती बनी हुई है। सतीश मोरे/30मार्च ---