- सोना 405 रुपए गिरकर 1,46,850, चांदी 754 रुपए टूटकर 2,27,200 पर नई दिल्ली (ईएमएस)। सोना और चांदी के वायदा भाव में सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को उतार-चढ़ाव के बीच नरमी देखने को मिली। घरेलू बाजार में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने और चांदी दोनों की शुरुआत अलग-अलग रुख के साथ हुई, लेकिन बाद में दोनों धातुएं गिरावट के साथ कारोबार करती नजर आईं। एमसीएक्स पर सोने का बेंचमार्क अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट 405 रुपये की गिरावट के साथ 1,46,850 रुपये पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 1,47,255 रुपये था। खबर लिखे जाने के समय सोना करीब 1,013 रुपये टूटकर 1,46,242 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान इसने 1,49,250 रुपये का उच्च स्तर और 1,44,212 रुपये का निचला स्तर छुआ। वहीं चांदी के मई वायदा कॉन्ट्रैक्ट की शुरुआत 152 रुपये की तेजी के साथ 2,28,106 रुपये पर हुई, लेकिन बाद में इसमें गिरावट आ गई। खबर लिखे जाने के समय चांदी 754 रुपये टूटकर 2,27,200 रुपये पर कारोबार कर रही थी। दिन में इसने 2,28,786 रुपये का उच्च और 2,27,164 रुपये का निचला स्तर दर्ज किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमजोरी का रुख देखने को मिला। कॉमेक्स पर सोना करीब 22.90 डॉलर गिरकर 4,469.60 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 1.08 डॉलर की गिरावट के साथ 68.71 डॉलर प्रति औंस के आसपास बनी रही। विशेषज्ञों के अनुसार, ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली के चलते बाजार में यह गिरावट देखने को मिल रही है, जिसे एक सामान्य सुधार माना जा रहा है। सतीश मोरे/30मार्च ---