30-Mar-2026
...


पटना,(ईएमएस)। बिहार में सीएम नीतीश कुमार ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। भले ही नीतीश कुमार ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया हो लेकिन अभी वह बिहार के सीएम बने रहेंगे। नीतीश के इस्तीफे के बाद अब राज्य के नए सीएम को लेकर रेस तेज हो गई है। हाल ही में नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए चुने गए थे, जिसके बाद संवैधानिक नियमों के मुताबिक उन्हें 30 मार्च तक एमएलसी के पद से इस्तीफा देना था। बता दें नीतीश कुमार 2006 से लगातार विधान परिषद के सदस्य हैं। चौथी बार वह 7 मई, 2024 को विधान परिषद के सदस्य बने थे, जिसका कार्यकाल छह मई 2030 को पूरा होना था। इसी बीच नीतीश कुमार 16 मार्च 2026 को राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए। वह पहली बार हरनौत विधानसभा सीट से 1985 में विधायक चुने गए थे। इसके बाद नौंवी लोकसभा के लिए 1989 में चुने गये। वह पहली बार राज्यसभा जा रहे हैं। नीतीश कुमार जल्द ही राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ ले सकते हैं। वहीं बीजेपी के अध्यक्ष नितिन नबीन भी आज विधायक पद से इस्तीफा दे देंगे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को ही विधानसभा से इस्तीफे का पत्र उन्हें दिए थे, जिसे मैं आज विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार को सौंप रहा हूं। बता दें पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से नितिन नबीन विधायक हैं और वह भी राज्यसभा के लिए चुन लिए गए हैं। सिराज/ईएमएस 30मार्च26 --------------------------------