जालंधर,(ईएमएस)। पंजाब में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए गर्मी के तेवरों पर ब्रेक लगा दिया है। राज्य में हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है, तापमान में भी गिरावट आई। पिछले कुछ दिनों से जहां पारा 38 डिग्री के पार पहुंच चुका था, वहीं बारिश के बाद 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट आई है, बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने 30 मार्च के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें तेज आंधी, बिजली गिरने और मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 31 मार्च के लिए यैलो अलर्ट जारी किया है, जिसके तहत हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। इसमें लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो बठिंडा में 32.3 डिग्री सैल्सियस के साथ सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया, जबकि होशियारपुर में यह 27 डिग्री सैल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो एसबीएस नगर में 15.9 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में बेहद कम माना जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पंजाब के मौसम में यह बदलाव आया है। उनका कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम इसी तरह बना रह सकता है और बीच-बीच में बारिश हो सकती है। बता दें शनिवार देर रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रविवार सुबह तक कई जिलों में जारी रहा। कुछ स्थानों पर तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई, जिससे जनजीवन भी प्रभावित हुआ। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों के नजदीकी जिलों में मध्यम से तेज बारिश देखने को मिली, जबकि शहरी क्षेत्रों में इसका असर कम रहा। सिराज/ईएमएस 30मार्च26 --------------------------------