ट्रेंडिंग
30-Mar-2026
...


-रिजिजू ने कहा- पश्चिम बंगाल का प्रशासनिक ढांचा भी निष्पक्ष नहीं रहा कोलकाता,(ईएमएस)। देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होना हैं। इसी बीच बीजेपी ने आरोप लगाया है कि टीएमसी ने चुनाव प्रक्रिया को ‘हाईजैक’ कर लिया है। बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को चुनाव आयोग से मिलने दिल्ली पहुंचा और अपनी शिकायत दर्ज कराई। केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने आरोप लगाया कि पश्चित बंगाल की सीएम ममता बनर्जी खुद घर-घर जाकर मतदाताओं को धमका रही हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर रही हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रिजिजू ने कहा कि राज्य का प्रशासनिक ढांचा भी निष्पक्ष नहीं रह गया है और वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर निचले स्तर तक का अमला टीएमसी के कैडर की तरह काम कर रहा है। उन्होंने आयोग से मांग की कि चुनाव पूरी तरह स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से कराए जाएं और पिछली बार जैसी कथित अनियमितताओं को दोहराने से रोका जाए। इस बीच चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में जांच-पड़ताल के बाद चौथी सप्लीमेंट्री वोटर लिस्ट जारी की है। हालांकि इसमें जोड़े या हटाए गए मतदाताओं की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। साथ ही आयोग ने राज्य के 173 पुलिस थानों के प्रभारियों का तबादला भी किया है, जिसे निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। बीजेपी का दावा है कि मौजूदा चुनाव में जनता टीएमसी के खिलाफ आक्रोश जता रही है। वहीं, चुनाव आयोग ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। सिराज/ईएमएस 30मार्च26