नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में मौसम ने करवट ली है, जिससे गर्मी से बड़ी राहत मिली है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले कुछ दिनों तक बारिश और ठंडी हवाओं का दौर जारी रहेगा, जिससे अप्रैल की शुरुआत सुहावनी होगी। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, यूपी, राजस्थान और हरियाणा में हल्की बारिश की संभावना जताई है। दिल्ली-एनसीआर में बीते दिन मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को गर्मी से राहत दी है। बादल, बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलने से तापमान कम हुआ है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में फिर बारिश की संभावना जताई है, जिससे अप्रैल की शुरुआत सुहावनी रह सकती है और गर्मी फिलहाल काबू में रहेगी। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के कारण ऐसा हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 31 मार्च 2026 को दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश हिस्सों में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। दोपहर और शाम के समय दिल्ली के विभिन्न इलाकों जैसे नई दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके अलावा, गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी गरज-चमक के साथ बहुत हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है। इन क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ-साथ तेज सतही हवाएं चलने का भी अनुमान है, जिससे दिन के समय उमस में कमी आएगी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/31/ मार्च/2026