राज्य
31-Mar-2026
...


- पोल्ट्री फार्म की आड़ में चल रही एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भांडाफोड़ - बोलेरो से 50 लाख का ड्रग्स बरामद - 80 लाख से अधिक का नशीला पदार्थ सहित लाखो के वाहन जप्त भोपाल/ रतलाम (ईएमएस)। प्रदेश पुलिस के मुखिया कैलाश मकवाणा के मार्गदर्शन में एमपी पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में रतलाम जिले में बीते दो दिनों में पुलिस द्वारा एक के बाद एक प्रभावी कार्रवाई करते हुए ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर संगठित सिंथेटिक ड्रग निर्माण नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया है। यह कार्यवाही एसपी रतलाम अमित कुमार के निर्देशन में थाना रिंगनोद और थाना पिपलोदा पुलिस द्वारा की गई हैं। - पोल्ट्री फार्म की आड़ में चल रही थी ड्रग्स फैक्ट्री विभाग द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार 31 मार्च को थाना पिपलोदा क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ा में पुलिस ने अवैध एमडी (एमडीएमए)सिंथेटिक ड्रग निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। एक पोल्ट्री फार्म की आड़ में संचालित इस अवैध लैब पर दबिश देकर पुलिस ने लगभग 175 किलोग्राम रासायनिक पदार्थ, 200 ग्राम तैयार एमडीएमए,गैस सिलेंडर,हीट गन,स्टोव एवं अन्य ड्रग निर्माण सहित 24 लाख रूपए से अधिक की संपत्ति जप्त की है। कार्रवाई के दौरान टीम ने मुख्य सरगना जमशेद खान उर्फ “जमशेद लाला” उर्फ “जमशेद सेठ” को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है,कि आरोपी जमशेद लाला एक अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क का प्रमुख संचालकहै। जिसके विरुद्ध विभिन्न राज्यों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पूछताछ में यह भी पता चला है कि ड्रग निर्माण हेतु रसायनों की आपूर्ति राजस्थान के प्रतापगढ़ क्षेत्र से की जा रही थी, और घटना से पूर्व बड़ी मात्रा में एमडी की सप्लाई भी की जा चुकी थी। - बोलेरो से 50 लाख का ड्रग्स बरामद वहीं 29 मार्च को पुलिस चौकी माननखेड़ा थाना रिंगनोद टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर फोरलेन रोड पर घेराबंदी कर बोलेरो पिकअप वाहन से करीब 50 लाख कीमत की 500 ग्राम एमडी ड्रग्स जप्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त 5 लाख कीमत की बोलेरो वाहन भी जप्त की गई है। इस प्रकार पुलिस ने लगभग 55 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की है। इसी दिन एक अन्य कार्यवाही में थाना रिंगनोद पुलिस 1 लाख कीमत की 100 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपी को बाइक सहित गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी रतलाम जिले में एमडीएमए निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया जा चुका है। जिससे यह साफ होता है, कि क्षेत्र में संगठित ड्रग नेटवर्क सक्रिय रहा है,जिस पर मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। पुलिस द्वारा नशीले मादक पदार्थों के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तथा अवैध संपत्ति के विरुद्ध कार्रवाई के लिये आगे की जॉच की जा रही है। जुनेद / 31 मार्च