नई दिल्ली (ईएमएस)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह महोत्सव केवल सिनेमा का उत्सव नहीं, बल्कि संवाद, नवाचार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का एक जीवंत मंच है, जो दिल्ली को वैश्विक रचनात्मक केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, दिल्ली के रूप में राजधानी ने सिनेमा, संस्कृति और रचनात्मक ऊर्जा का एक भव्य संगम देखा। भारत मंडपम में आयोजित नाइट ऑफ ऑनर्स समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस वैश्विक आयोजन में हिस्सा लिया। इस अवसर पर दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में फिल्म निर्देशक राकेश ओमप्रकाश मेहरा, अभिनेता अनुपम खेर, अभिनेत्री भूमि पेडनेकर, दिव्या दत्ता, अर्जन बाजवा सहित देश-विदेश की अनेक प्रतिष्ठित फ़िल्म हस्तियां उपस्थित रहीं। निर्माता-निर्देशक रमेश सिप्पी को शोले के 50 वर्ष पूरे होने पर सम्मानित किया गया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/31/ मार्च/2026