राज्य
31-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 2026 संपन्न हो गया है। अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि सत्र में सभी लंबित कैग रिपोर्टें सदन में रखी गईं, वर्ष 2026-27 का बजट पारित हुआ और विधान साथी एआई चैटबॉट लॉन्च हुआ।उन्होंने विपक्ष के नकारात्मक दृष्टिकोण और कार्यवाही बहिष्कार पर चिंता व्यक्त की। दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र के समापन हो गया। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सत्र के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 मार्च से 27 मार्च 2026 तक चले इस सत्र में कुल चार बैठकें हुईं। विधानसभा की कार्यवाही कुल 15 घंटे 16 मिनट तक चली। इस दौरान विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि कैग की सभी 7 लंबित रिपोर्टों को सदन के पटल पर रख दिया गया है और अब कोई भी रिपोर्ट लंबित नहीं है। उन्होंने बताया कि इन रिपोर्टों को लोक लेखा समिति (पैग) को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य वित्त, राजस्व, आर्थिक, सामाजिक और सामान्य क्षेत्रों के साथ-साथ दिल्ली जल बोर्ड और विश्वविद्यालयों से संबंधित ऑडिट रिपोर्ट 23 मार्च को पेश की गईं और 25 व 27 मार्च को उन पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि 15 सालों में पहली बार लोक लेखा समिति की तीन रिपोर्टों ने पूर्ण प्रक्रियात्मक चक्र पूरा किया है, जिससे अब सरकार पर उन पर कार्रवाई करने की जिम्मेदारी तय हुई है। इसके साथ ही सत्र के दौरान हुए विधायी कार्यों का जानकारी देते हुए अध्यक्ष ने बताया कि 23 मार्च को दिल्ली का आर्थिक सर्वेक्षण (2025-26) प्रस्तुत किया गया। 24 मार्च 2026 को वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट पेश किया गया और 27 मार्च 2026 को बजट को सदन में हुई चर्चा के बाद अपनाया गया। साथ ही, दिल्ली विनियोग (संख्या 2) विधेयक 2026, सोसायटी पंजीकरण (दिल्ली संशोधन) विधेयक 2026 और दिल्ली विनियोग (संख्या 3) विधेयक 2026 जैसे महत्वपूर्ण विधेयक पारित किए गए। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/31/ मार्च/2026