क्षेत्रीय
31-Mar-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। मझगवां थानान्तर्गत कल दोपहर छनगवां मोड़ मेनरोड के समीप तेज रफ्तार मार्शल जीप के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए मोटर साइकिल सवारों को टक्कर मारदी। घटना में मोटर साइकिल सवार एक युवक की जहां मौत हो गई वहीं दो युवकों को गंभीर चोटे आयीं है जिन्हें ईलाज के लिए मझगवां शासकीय अस्पताल से मेडिकल अस्पताल रिफर किया गया है। घटना से कुछ ही दूरी पर युवकों को टक्कर मारने वाली जीप एक खेत में खड़ी मिली है। संभवत: टक्कर मारने के बाद जीप चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सड़क हादसे में मृत युवक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए मर्ग कायम कर जांच में लिया है। घटना के संबंध में मझगवां पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायलों को उपचार हेतु मझगवां अस्पताल लाये जाने की सूचना पर पहुंची पुलिस को ग्राम छनगवां निवासी रविन्द्र लोधी ने बताया कि कल दोपहर लगभग डेढ़ बजे उसे गांव के करिया लोधी ने मोबाईल पर सूचना दी थी कि विमल सेन का मार्शल जीप से छनगवां तिराहा में एक्सीडेंट हो गया है। रविन्द्र लोधी ने गांव के लोगों के साथ जाकर घटना स्थल पर देखा कि मौके पर विमल सेन घायल हालत में पड़ा था जिसके सिर हाथ पैरों में गंभीर चोटें आयीं थी। मौके पर उसकी क्षतिग्रस्त मोटर साइकिल भी पड़ी थी एवं कुछ ही दूरी पर खेत में मार्शल क्रमांक एमपी 20 जेड टी 4695 खड़ी थी। गांव के करिया लोधी ने बताया कि लखन लोधी एवं रामबरन लोधी को घायल हालत में उपचार हेतु राघव तथा रामबिहारी लेकर गये हैं एम्बुलेंस से विमल सेन को शासकीय अस्पताल मझगवां ले जाया गया है। जहां डाक्टर ने विमल को जांच के उपरांत को मृत घोषित कर दिया है। दुर्घटना में घायल लखन लोधी व रामबरन लोधी को ईलाज के लिए मेडिकल अस्पताल रिफर किया गया है। सुनील साहू / मोनिका / 31 मार्च 2026