- आधा दर्जन से अधिक युवकों ने किया हमला, पीडि़त ने एसपी से लगाई गुहार गुना (ईएमएस)। । शहर के नानाखेड़ी मंडी क्षेत्र में ऑनलाइन दुकान चलाने वाले एक युवक के साथ पैसों के ट्रांजेक्शन की आईडी न देने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित मनीष कुशवाह ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए आवेदन सौंपा। मामले में कैंट थाना पुलिस ने शाकिब राईन और उसके साथियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया है। - आईडी मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद फरियादी मनीष पुत्र विष्णु कुशवाह निवासी पिपरौदा खुर्द ने बताया कि गत दोपहर करीब 12 बजे पड़ोस में दुकान चलाने वाले शाकिब राईन ने उससे ऑनलाइन पैसों के लेनदेन की आईडी मांगी थी। मनीष द्वारा आईडी देने से मना करने पर शाकिब गाली-गलौज और धमकी देने लगा। जब मनीष उसे समझाने उसकी दुकान पर पहुंचा, तो शाकिब और उसके साथी शमीम व रिहान ने उस पर हमला कर दिया और लात-घूसों से मारपीट शुरू कर दी। - दुकान बंद कराने की दी धमकी मनीष का आरोप है कि जब उसका दोस्त देशराज पाल उसे बचाने आया, तो असलम खान भी अपने 8-10 साथियों के साथ वहां पहुंच गया और मारपीट की। आरोपियों ने पीड़ित को धमकाया कि यदि दोबारा उनसे उलझा या वहां दुकान संचालित की, तो उसे जान से खत्म कर देंगे। पीड़ित ने एसपी को बताया कि आरोपी आए दिन लडक़ों को लेकर आता है और उसे डराता-धमकाता है, जिससे उसका व्यापार करना मुश्किल हो गया है। कैंट पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीडि़़त ने अपनी और अपनी दुकान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग प्रशासन से की है।- सीताराम नाटानी