इन्दौर (ईएमएस) लूट के एक सनसनीखेज मामले में बदमाशों ने हाइवे पर सरेराह कार सवार युवकों को धमकाते सोने की चेन नकदी और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। घटना किशनगंज थाना क्षेत्र में एबी रोड हाईवे पर की है जहां पीड़ित अपनी गाड़ी का टायर पंचर होने पर रूके थे। पुलिस के अनुसार रोहन पाटीदार उम्र तैवीस साल निवासी जय माँ अम्बे सोसायटी, महादेव दाहोद गुजरात ने अपनी दर्ज शिकायत में पुलिस को बताया कि वह मूलतः गुजरात का रहने वाला है और फिलहाल इन्दौर में रहकर फोटोग्राफी का काम कर रहा हूं। कल मैं अपने दोस्तों के साथ ढाबे पर खाना खाने के बाद अपनी कार से लौट रहा था। तभी धानुका कोल्ड स्टोर के सामने एबी रोड पर कार का पिछला टायर अचानक फट गया जिसके कारण गाड़ी का संतुलन बिगड़ा तो उसने कार साइड में खड़ी कर दी। तभी पीछे से एक सफेद कार में सवार तीन युवक वहां पहुंचे। उनके हाथ में हथियार थे। उनमें से एक बदमाश ने लोहे की रॉड दिखाकर सभी को धमकाया और उसके गले से करीब 200 ग्राम सोने की चेन छीन नकदी तथा अन्य सामान लेकर मौके से फरार हो गए जिसके बाद उन्होंने थाने पहुंच घटना की जानकारी दे शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 31 मार्च 2026