राज्य
31-Mar-2026


जबलपुर, (ईएमएस)। शहर के घमापुर थानांतर्गत चुंगी चौकी-कांचघर चौक के बीच बीती रात कुख्यात बदमाश छोटू चौबे की गैंग के गुर्गों ने पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर कटटे से दनादन गोलियां चला दीं। इस फायरिंग में युवक घायल हुआ जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उक्त वारदात के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। बाद में सूचना पाकर घमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इस संबंध में जानकारी देते हुए घमापुर थाना प्रभारी दिनेश गौतम ने बताया कि सोमवार की रात चुंगीचौकी से कांचघर चौक बीच बाबू सिंधी, निखिल कंजा नामक बदमाशों ने यश थराट पर गोली चला दी। गोली चलाने वाले दोनों बदमाश छोटू चौबे गैंग के गुर्गें है। पडताल में पुलिस को ज्ञात हुआ है कि एक साल से यश थराट और बाबू सिंधी के बीच विवाद चल रहा है। संभवत: इसी रंजिया के चलते विकेश पर हमला किया गया है। हालांकि वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अजय पाठक / मोनिका / 31 मार्च 2026/ 2.33