- महावीर जयंती पर पटना में जैन समाज के बीच पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पटना, (ईएमएस)। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर के 2625वें जन्म कल्याणक (महावीर जयंती) के पावन अवसर पर मंगलवार को पटना के एक्जीबिशन रोड स्थित नारायण प्लाजा में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पटना जैन श्वेताम्बर श्री संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के बीच उपस्थित होकर उनसे आत्मीय संवाद किया तथा महावीर जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जैन समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज हमेशा से शांति, सेवा और संस्कारों का वाहक रहा है। * “सत्य, अहिंसा और त्याग ही समाज को सही दिशा देते हैं” अपने संबोधन में श्री सरावगी ने कहा कि भगवान महावीर द्वारा प्रतिपादित सत्य, अहिंसा और त्याग के सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने हजारों वर्ष पहले थे। उन्होंने कहा कि इन सिद्धांतों को अपनाकर ही हम एक सशक्त, संवेदनशील और समरस समाज का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में जब समाज में आपसी वैमनस्य और तनाव की स्थितियां उत्पन्न होती हैं, ऐसे में भगवान महावीर का “अहिंसा परमो धर्मः” का संदेश हमें शांति, संयम और सहिष्णुता का मार्ग दिखाता है। * “महावीर के आदर्शों को जीवन में उतारना समय की आवश्यकता” प्रदेश अध्यक्ष ने सभी लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि केवल महापुरुषों के विचारों का स्मरण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि हम सभी भगवान महावीर के बताए मार्ग पर चलें, तो समाज में समरसता, भाईचारा और नैतिक मूल्यों की स्थापना स्वतः हो जाएगी। * जैन समाज की भूमिका की सराहना श्री सरावगी ने पटना जैन श्वेताम्बर श्री संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जैन समाज हमेशा से समाज सेवा, शिक्षा और नैतिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार में अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और नई पीढ़ी को सही दिशा मिलती है। कार्यक्रम के अंत में जैन समाज के प्रतिनिधियों ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जैन समाज के सदस्य उपस्थित रहे। संतोष झा-३१ मार्च/२०२६/ईएमएस