रीवा,(ईएमएस)। रीवा जिले के लौर थाना क्षेत्र के भगतपुरा गांव में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसके चलते बहू ने ससुर को धक्का देते हुए लात मारी जो उसके प्राइवेट पार्ट पर लगी। घायल ससुर ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जिसके बाद बहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे जगदीश साकेत का अपनी बहू पुष्पा साकेत के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि कहासुनी के दौरान ससुर ने बहू को डांट दिया, जिससे नाराज होकर बहू ने ससुर को धक्का दे दिया और उनके प्राइवेट पार्ट पर लात मार दी। गंभीर चोट लगने से जगदीश साकेत जमीन पर गिर पड़े और उनकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए देवतालाब स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद शाम करीब 4 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही लौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने प्राथमिक जांच के आधार पर आरोपी बहू को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतक का बेटा हैदराबाद में नौकरी करता है और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। नंदिनी परसाई/31 मार्च 2026